नैनीताल:ट्रैफिक जाम पर शनिवार को मचा हंगामा तो जागी पुलिस,नैनीताल के एंट्री प्वाइंट्स पर सुबह से वाहनों की चेकिंग,पार्किंग और होटल बुकिंग की जांच शुरू
नैनीताल। शनिवार को शहर में लगे कई घंटे लंबे जाम और पुलिस व्यवस्था पर उठे सवालों के बाद रविवार सुबह से ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। नैनीताल के प्रमुख एंट्री प्वाइंट्स पर सुबह से ही पुलिस और एसएसबी के जवान तैनात कर दिए गए, जिसके चलते शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
गौरतलब है कि शनिवार को भवाली रोड, हल्द्वानी रोड, मॉल रोड समेत शहर की कई प्रमुख और आंतरिक सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही थी। दोपहर से लेकर देर रात तक स्थानीय निवासी और पर्यटक घंटों तक वाहनों में फंसे रहे। कई स्थानों पर लोगों ने ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी उठाए थे।

जाम की स्थिति और बढ़ती आलोचनाओं के बीच रविवार को पुलिस ने ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया। एंट्री प्वाइंट्स पर बिना होटल बुकिंग वाले बाहरी वाहनों और बाइकों को अस्थायी पार्किंग स्थलों पर रोका गया। इसके बाद पर्यटकों को शटल वाहनों के माध्यम से नैनीताल भेजा गया। वहीं जिन पर्यटकों के पास पार्किंग सुविधा वाले होटलों की वैध बुकिंग थी, उनके वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी गई।
इस दौरान हल्द्वानी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, हालांकि शहर के भीतर यातायात व्यवस्था अपेक्षाकृत सामान्य बनी रही। पुलिस का दावा है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पर्यटन सीजन में शहर के भीतर जाम की स्थिति को नियंत्रित करना है।
क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा पूर्व में ही ट्रैफिक प्लान जारी किया गया था और उसी के तहत पार्किंग सुविधा वाले होटलों की बुकिंग की जांच के बाद ही पर्यटकों के वाहनों को शहर में प्रवेश दिया जा रहा है।