नैनीताल:गैस की किल्लत के पीछे ब्लैक मार्केटिंग का खेल?60 एजेंसियों पर छापा,4 केस दर्ज,दर्जनों सिलेंडर जब्त,शिकायत करने के लिए लिंक में दिए नंबर पर कॉल करें

Nainital: Is Black Marketing Behind the Gas Shortage? 60 Agencies Raided, 4 Cases Registered, Dozens of Cylinders Seized

नैनीताल, 01 अप्रैल 2026। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अब तक 60 गैस एजेंसियों, 78 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 73 गैस डिलीवरी वाहनों की जांच की जा चुकी है, जबकि बुधवार को अभियान के तहत 15 गैस एजेंसियों, 13 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 18 डिलीवरी वाहनों का निरीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन की कार्रवाई के दौरान एलपीजी कालाबाजारी से जुड़े 4 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। साथ ही 12 घरेलू, 28 व्यावसायिक और 22 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि एक पिकअप वाहन को भी सीज किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गैस एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 31 मार्च को जिले में 8391 घरेलू और 487 व्यावसायिक सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 7648 घरेलू और 587 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति सुनिश्चित की गई। वर्तमान में जिले में 6729 घरेलू और 1980 व्यावसायिक सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
इस दौरान गैस आपूर्ति में अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन को कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें संबंधित एजेंसियों को भेजकर समाधान कराया गया। शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1077, फोन नंबर 05942-231179, 05942-231178 और व्हाट्सएप नंबर 8272080884 जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने बताया कि आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल सहित तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या वितरण में गड़बड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।