नैनीताल HC:अंकिता भंडारी केस से जुड़े विवाद मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो-ऑडियो से उठे विवाद पर हुई सुनवाई,पूर्व विधायक सुरेश राठौर को हाईकोर्ट से राहत जारी
उत्तराखंड हाई कोर्ट ने चर्चित अंकिता भण्डारी प्रकरण से जुड़े एक मामले में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ दर्ज चार मुकदमों पर सुनवाई की। यह मुकदमे हरिद्वार और देहरादून जिलों में कथित रूप से वीडियो और ऑडियो वायरल करने के आरोपों से संबंधित हैं। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ में हुई, जिसमें अगली सुनवाई के लिए 8 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है। इससे पहले अदालत ने संबंधित मामलों में राठौर की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है।
मामले के अनुसार, पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सोनावर के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि उनके द्वारा भाजपा नेता दुष्यन्त गौतम की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित वीडियो और ऑडियो वायरल किए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हुई।
दर्ज शिकायतों में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, याचिका में आरोपों को निराधार बताते हुए गिरफ्तारी पर रोक बनाए रखने और सभी दर्ज मुकदमों को निरस्त करने की अपील की गई है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि उनके द्वारा किसी प्रकार का दुष्प्रचार सोशल मीडिया पर नहीं किया गया है।