नैनीतालः मां नयना देवी मंदिर पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह! बोले- तीर्थ स्थलों की आध्यात्मिक पहचान देती है मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा
नैनीताल। ग्रीष्मकालीन प्रवास पर नैनीताल पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने सोमवार सुबह नैनीताल के प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां नयना देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और राज्य की उन्नति की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया।
राज्यपाल के मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन समिति और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से राज्यपाल को मां नयना देवी की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा मां नयना देवी की तस्वीर भेंट स्वरूप प्रदान की गई। राज्यपाल ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां नयना देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मां नयना देवी मंदिर में दर्शन के उपरांत राज्यपाल ने गुरुद्वारे में मत्था टेका। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने भी राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के तीर्थ स्थलों की आध्यात्मिक ऊर्जा अद्भुत है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर मन को अपार शांति मिलती है और आत्मबल में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की विशिष्ट पहचान देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि यह आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का भी स्रोत है। यहां आने वाला हर व्यक्ति एक नई ऊर्जा और आत्मिक संतोष का अनुभव करता है। राज्यपाल के दौरे को लेकर मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।