नैनीताल:महंगी किताबों के नाम पर वसूली!अभिभावकों को राहत देने उतरा प्रशासन, DM के आदेश पर दुकानों में छापेमारी
नैनीताल, 7 अप्रैल 2026।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मंगलवार को जिलेभर में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्टेशनरी और किताबों की दुकानों पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। परगनाधिकारियों की अगुवाई में गठित टीमों ने हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल, कोटाबाग, बेतालघाट और श्री कैंचीधाम क्षेत्र में व्यापक जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए दुकानदारों और ग्राहकों से जानकारी ली कि कहीं स्कूलों द्वारा छात्रों को किसी विशेष दुकान से किताबें खरीदने के लिए बाध्य तो नहीं किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांचा गया कि निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें जबरन तो नहीं थोप दी जा रही हैं।
टीम ने दुकानों में NCERT की पुस्तकों की उपलब्धता, तथा निर्धारित प्रिंट मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों की भी गहन जांच की।
हल्द्वानी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई विद्यालयों द्वारा कक्षा 1 और उससे ऊपर की कक्षाओं में एनसीईआरटी के अलावा अन्य महंगी किताबें भी अनिवार्य की जा रही हैं। मूल्य सूची के परीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि निजी प्रकाशकों की पुस्तकों की कीमतें एनसीईआरटी की तुलना में काफी अधिक हैं। इस पर प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी है।
इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि कई विद्यालय प्ले ग्रुप, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी जैसी कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। इनकी मान्यता को लेकर भी शिक्षा विभाग से रिपोर्ट तलब की गई है।
जिले की अन्य तहसीलों नैनीताल, श्री कैंचीधाम और रामनगर में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई। जहां-जहां अनियमितताएं पाई गईं, वहां संबंधित मामलों को मुख्य शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा गया है।