नैनीताल जिला बार चुनाव: पहले दिन 11 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, 27 मार्च अंतिम तिथि
नैनीताल। नैनीताल जिला बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश चंदोला ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए हरिशंकर कंसल और अरुण बिष्ट ने दो-दो सेट में अपने नामांकन पत्र जमा किए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए कमल चिलवाल और प्रमोद तिवाड़ी ने पर्चा भरा। सचिव पद के लिए संजय सुयाल और अनिल बिष्ट ने भी दो-दो सेट में नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा संयुक्त सचिव पद के लिए नीरज गोस्वामी ने नामांकन पत्र भरा, जबकि कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए प्रेमा आर्या, तारा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल ने अपने नामांकन दाखिल किए। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसी दिन मतदाता सूची का प्रकाशन भी किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आगामी दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान, मुकेश कुमार और शिवांशु जोशी भी मौजूद रहे। चुनाव की तिथियों के नजदीक आते ही प्रत्याशियों द्वारा समर्थन जुटाने के प्रयास भी तेज हो गए हैं।