नैनीताल:पाकिस्तानी नंबर से धमकी मामले में एसएसपी रिपोर्ट के बाद सुरक्षा पर फैसला टला,राहुल भाटी को जांच में सहयोग के दिए निर्देश

Nainital: Decision on Security Deferred Following SSP's Report in Pakistani-Number Threat Case; Rahul Bhati Directed to Cooperate with Investigation.

नैनीताल:

 पाकिस्तानी फोन नंबर से फिरौती और जान-माल की धमकी मिलने के दावे को लेकर सुरक्षा की मांग करते हुए हाईकोर्ट पहुंचे हरिद्वार निवासी चर्चित व्यक्ति राहुल भाटी को फिलहाल राहत नहीं मिली है।
इस मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने याची को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने से इनकार करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि वह पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग करें।
शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान न्यायालय के पूर्व आदेश के अनुपालन में एसएसपी देहरादून और अनुसचिव ओम प्रकाश सेमवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में उपस्थित हुए। एसएसपी देहरादून ने कोर्ट को अवगत कराया कि अब तक की जांच में शिकायतकर्ता को किसी प्रकार का वास्तविक जान-माल का खतरा प्रतीत नहीं हो रहा है।
सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी और पैसे की मांग से संबंधित संदेश आने का दावा किया गया है, उसके रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने केवल धमकी मिलने की जानकारी दी है, जबकि संबंधित मोबाइल फोन को वह पहले ही बेच चुका है, जिससे जांच में कठिनाई उत्पन्न हो रही है।
कोर्ट ने इस पूरे मामले में राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह जांच की प्रगति रिपोर्ट आगामी 16 अप्रैल को न्यायालय में प्रस्तुत करे। साथ ही, अनुसचिव कार्यालय से जुड़े मूल अभिलेख भी तलब किए गए हैं।हालांकि, अनुसचिव द्वारा प्रस्तुत पक्ष पर न्यायालय ने असंतोष जताया।