नैनीताल :LPG कालाबाजारी पर सख्ती!71 गैस एजेंसियों पर छापे,First-In-First-Out सिस्टम लागू,सरस मार्केट से नियंत्रित सप्लाई शुरू
नैनीताल, 2 अप्रैल 2026। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारियों, गैस एजेंसियों के क्षेत्रीय अधिकारियों और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) सक्रिय किया गया है, जो लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर आपूर्ति, मांग और वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
गुरुवार को प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों और व्हाट्सएप के माध्यम से गैस आपूर्ति में देरी से जुड़ी 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें संबंधित एजेंसियों को भेजकर त्वरित समाधान कराया गया। जिला पूर्ति विभाग के अनुसार 1 अप्रैल को जनपद में 6662 घरेलू और 1326 व्यावसायिक गैस सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 6365 घरेलू और 841 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति सुनिश्चित की गई, जबकि वर्तमान में 7041 घरेलू और 2462 व्यावसायिक सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। अब तक QRT टीम द्वारा 71 गैस एजेंसियों, 90 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और 85 डिलीवरी वाहनों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है, वहीं गुरुवार को 11 एजेंसियों, 12 प्रतिष्ठानों और 12 डिलीवरी वाहनों की जांच की गई। पिछले 24 घंटों में 44 उपभोक्ताओं ने इंडेन गैस बुकिंग के बावजूद आपूर्ति न मिलने की शिकायत व्हाट्सएप ग्रुप में दर्ज कराई, जिसके निस्तारण के लिए जिला पूर्ति अधिकारी, इंडेन सेल्स अधिकारी और एजेंसी प्रबंधकों का समन्वित ग्रुप बनाकर कार्रवाई की जा रही है।
गैस वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए 3 अप्रैल से “First In-First Out (FIFO)” प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे पहले बुकिंग और भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता मिलेगी। साथ ही हल्द्वानी के सरस मार्केट में उपभोक्ताओं के नाम के आधार पर गैस वितरण की नई व्यवस्था लागू की गई है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गैस कालाबाजारी, डायवर्जन या अवैध रिफिलिंग से संबंधित शिकायतें हेल्पलाइन नंबरों या व्हाट्सएप के माध्यम से दर्ज कराएं, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।