नैनीताल ब्रेकिंग:नाबालिग दुष्कर्म केस में आरोपी उस्मान खान की जमानत याचिका पर हाई कोर्ट ने रखा फैसला सुरक्षित!

Nainital Breaking: High Court reserves decision on bail plea of ​​Usman Khan, accused in minor rape case!

नैनीताल में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के आरोपी ठेकेदार उस्मान खान की जमानत याचिका पर उत्तराखंड हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति आलोक कुमार महरा की खंडपीठ में हुई।
सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष की ओर से दलील दी गई कि पीड़िता के अब तक छह बार बयान दर्ज हो चुके हैं, जिनमें कथित रूप से विरोधाभास हैं। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि घटना के समय मौके पर प्रकाश की स्थिति को लेकर स्पष्ट प्रमाण सामने नहीं आए हैं, जिससे अभियोजन की कहानी पर सवाल उठते हैं।
वहीं, राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मामले में ट्रायल प्रक्रिया जारी है और कई गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। सरकारी पक्ष ने अदालत से अनुरोध किया कि ट्रायल को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए जाएं।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए फिलहाल अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है।
प्रकरण के अनुसार, आरोपी उस्मान खान पर आरोप है कि उसने 12 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। घटना की शिकायत परिजनों ने नैनीताल के मल्लीताल थाने में दर्ज कराई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया था और विरोध प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई थीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आश्वासन दिया था कि निष्पक्ष जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तब से आरोपी न्यायिक हिरासत में है और मामला विचाराधीन है। अब सभी की नजर हाई कोर्ट के आगामी आदेश पर टिकी है, जो जमानत याचिका पर अंतिम निर्णय तय करेगा।