नैनीतालः बम धमाकों की धमकी मिलने का मामला! जिला बार एसोसिएशन ने लिखा पत्र, न्यायालय परिसर में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग

Nainital: Bomb threat reported! District Bar Association writes letter demanding robust security arrangements in the court premises.

नैनीताल। नैनीताल न्यायालय परिसर में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन द्वारा जिला जज को एक पत्र लिखा गया है। पत्र में कहा गया है कि विगत दो दिन से लगातार न्यायालय परिसर में धमाकों को लेकर धमकियों की जानकारी सार्वजनिक हुई हैं और इस मामले में पुलिस को अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। पत्र में आगे कहा गया है कि बम धमाकों की धमकी मिलने से न्यायिक कार्य कर रहे लोगों के अतिरिक्त भी समाज में भी अत्यधिक भय का माहौल उत्पन्न हो रहा है। दो दिनों से लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद न्यायालय परिसर में अभी तक किसी प्रकार की कोई सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे सभी अधिवक्ता एवं न्यायिक कार्य से संबंधित कर्मचारियों व वादकारियों में अत्यंत असुरक्षा की भावना व्याप्त है। इस स्थिति में न्यायिक कार्य करने वाले अधिवक्ताओं व न्यायिक कार्य हेतु न्यायालय परिसर में आने वाले व्यक्ति का परिसर में आकर कार्य सम्पादित कर पाना संभव नहीं हो पायेगा। ऐसे में जिला बार एसोसिएशन आग्रह करता है कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा के ठोस इंतजाम के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेशित करें, जिससे न्यायिक कार्य करने वाले और न्यायिक कार्य के लिए न्यायालय परिसर में आने वाले व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस कर अपने कार्य सम्पादित कर सकें।