नैनीताल: नशा मुक्त अभियान तेज!COTPA एक्ट के तहत स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर छापेमारी,कई के कटे चालान
नैनीताल, 10 अप्रैल 2026:
जिले में स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों के आसपास तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

यह अभियान एनसीओआरडी (नारकोटिक्स कंट्रोल) के तहत चलाए जा रहे नशा विरोधी जागरूकता और प्रवर्तन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित किया गया। रामनगर क्षेत्र में उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में तहसील प्रशासन, पुलिस, औषधि विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त छापेमारी कर नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की।
गरमपानी और रातीघाट क्षेत्रों में भी शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में स्थित दुकानों की सघन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर COTPA एक्ट के तहत चालान किए गए। भीमताल के सातताल रोड स्थित ग्राफिक एरा संस्थान के आसपास चलाए गए अभियान में चार दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नैनीताल शहर में तहसीलदार और थाना प्रभारी द्वारा संयुक्त निरीक्षण करते हुए राजकीय पॉलीटेक्निक छात्रावास का निरीक्षण किया गया। यहां दो विक्रेताओं को तंबाकू उत्पाद रखने के आरोप में चालान किया गया। साथ ही अधिकारियों को नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से चलाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त डिग्री कॉलेज और छात्रावासों में भी निरीक्षण किया गया, जहां छात्रों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू उत्पाद बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है तथा किसी भी शिक्षण संस्थान के 100 मीटर दायरे में तंबाकू की बिक्री पर पूर्ण रोक है।
इसी क्रम में कालाढूंगी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी बिपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, समाज कल्याण और प्रोवेशन विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक नशा जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित विभिन्न छात्रावासों में निरीक्षण के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गई, जबकि छात्रों को नशे से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान भोजनालयों और दुकानों का भी निरीक्षण किया गया, जहां कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई। आईटीआई के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों को भी कड़ी हिदायत दी गई कि वे स्कूल-कॉलेजों के पास इस प्रकार की बिक्री बंद करें।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में इस तरह के औचक निरीक्षण, प्रवर्तन कार्रवाई और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।