नैनीताल:दिव्यांग पार्क की मांग को लेकर सभासद गज़ाला कमाल के ज्ञापन पर सांसद ने खेल सामग्री और पार्क के लिए डीएम को दिए निर्देश!वंचित बच्चों को मिलेगा अब खेल का अधिकार
नैनीताल:
नगर पालिका परिषद नैनीताल की सभासद गज़ाला कमाल द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए खेल सुविधाएं और विशेष दिव्यांग पार्क विकसित किए जाने की मांग अब प्रभावी स्तर पर पहुंच गई है। उनके द्वारा दिए गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए माननीय सांसद ने जिला अधिकारी (डीएम) नैनीताल को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए हैं।
सभासद गज़ाला कमाल ने अपने ज्ञापन में नगर क्षेत्र में दिव्यांग बच्चों के लिए खेल सामग्री, उपयुक्त खेल स्थल और आवश्यक संसाधनों की कमी को गंभीर मुद्दा बताया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस विषय में पूर्व में कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी, जिससे दिव्यांग बच्चे बुनियादी सुविधाओं से वंचित रह गए हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सांसद ने इसे प्राथमिकता में रखते हुए प्रशासन को शीघ्र और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस हस्तक्षेप के बाद नैनीताल में दिव्यांग बच्चों के लिए खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में ठोस प्रगति देखने को मिल सकती है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सभासद गज़ाला कमाल ने सांसद का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही यह पहल धरातल पर उतरती दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि इस कदम से दिव्यांग बच्चों को भी खेलकूद और विकास के समान अवसर मिल सकेंगे, जो उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।