नैनीतालः पहले शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध, फिर निकला शादीशुदा! गर्भपात कराने, धमकाने और निजी वीडियो से ब्लैकमेल करने के आरोप में भवाली निवासी युवक के खिलाफ केस दर्ज

Nainital: A man first established a relationship with the promise of marriage, but then turned out to be married! A case has been filed against a Bhawali resident for allegedly forcing an abortion, t

नैनीताल। नगर क्षेत्र की एक युवती ने भवाली निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, गर्भवती होने पर दबाव बनाकर गर्भपात कराने, मानसिक उत्पीड़न करने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के सामने आने के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता छात्र राजनीति से भी जुड़ी रही है और उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार वह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से आरोपी युवक के संपर्क में थी। आरोप है कि युवक ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए उससे प्रेम संबंध स्थापित किए और शादी का झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। युवती ने बताया कि आरोपी ने बार-बार शादी का भरोसा दिलाया, जिससे वह उसके झांसे में आती चली गई। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इस खुलासे के बाद युवती को गहरा मानसिक आघात पहुंचा।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधों के दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। जब उसने आरोपी को इस बारे में बताया तो उसने शादी करने के बजाय दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया। युवती का कहना है कि इस दौरान उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और धमकियां दी गईं। उसने दावा किया है कि अस्पताल से जुड़े दस्तावेज उसके पास सुरक्षित हैं, जो पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हैं। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी का संबंध अन्य युवतियों से भी रहा है और कई लड़कियां उसके खिलाफ बयान देने को तैयार हैं। पीड़िता के मुताबिक हाल ही में आरोपी ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दीं और धमकाया।

युवती का कहना है कि आरोपी के पास उसकी कुछ निजी वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी हैं, जिनके जरिए उसे लगातार डराने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर भवाली निवासी नरेश पाण्डे के खिलाफ बीएनएस की धारा 351 (2) व 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।