मसूरी को जाम से मिलेगी मुक्ति! ई-रिक्शा शटल सेवा का ट्रायल सफल,जल्द सड़कों पर दौड़ेंगे 'इको-फ्रेंडली' वाहन

Mussoorie set to get relief from traffic jams! E-rickshaw shuttle service trial successful; 'eco-friendly' vehicles to hit the roads soon.

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में हर साल पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले भीषण जाम से अब जल्द ही पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को परमानेंट राहत मिलने वाली है। शहर में ई-रिक्शा आधारित शटल सेवा शुरू करने की दिशा में गुरुवार को प्रशासन ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया। प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम की मौजूदगी में मसूरी के विभिन्न बेहद कठिन और चढ़ाई वाले मार्गों पर ई-रिक्शा का सफल ट्रायल रन किया गया।

एसडीएम राहुल आनंद, एआरटीओ (परिवहन विभाग), नगर पालिका और मसूरी पुलिस की उच्च स्तरीय टीम की देखरेख में यह महत्वपूर्ण ट्रायल संपन्न हुआ। इस दौरान किंक्रेग, प्रसिद्ध माल रोड, कंपनी गार्डन, किताबघर और पिक्चर पैलेस जैसे व्यस्त और तीखे ढलान वाले मार्गों पर अलग-अलग कंपनियों के ई-रिक्शा चलाकर उनकी वास्तविक क्षमता और बैटरी बैकअप का परीक्षण किया गया। पहाड़ी और घुमावदार रास्तों की तमाम चुनौतियों के बावजूद ई-रिक्शा का प्रदर्शन बेहद संतोषजनक और सुरक्षित पाया गया। एसडीएम राहुल आनंद ने इस बड़ी कामयाबी पर खुशी जताते हुए कहा कि मसूरी को पूरी तरह जाम मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से इस ई-रिक्शा शटल सेवा की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है और अब इसके व्यवस्थित संचालन के लिए रूट चार्ट और जरूरी नियमावली (गाइडलाइंस) तैयार की जा रही है। एआरटीओ चारू पंत मिश्रा ने बताया कि ई-रिक्शा न केवल पर्यावरण के अनुकूल (इको-फ्रेंडली) हैं, बल्कि यह आम जनता और पर्यटकों के लिए बेहद किफायती और सुविधाजनक परिवहन साधन साबित होंगे। इस योजना के पूरी तरह लागू होने से शहर की सड़कों पर पेट्रोल-डीजल वाहनों का दबाव कम होगा, जिससे प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा। प्रशासनिक योजना के अनुसार, पहले चरण में शहर के मुख्य एंट्री पॉइंट्स और पार्किंग स्थलों को जोड़ने वाले निम्नलिखित रूट्स पर ई-रिक्शा सेवा शुरू करने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इस सफल ट्रायल के बाद अब उम्मीद बढ़ गई है कि आगामी पर्यटन सीजन से पहले ही मसूरी की सड़कों पर यह ई-रिक्शा शटल सेवा पूरी तरह बहाल हो जाएगी, जिससे पहाड़ों की रानी का सफर और अधिक सुहावना हो जाएगा।