दिल्ली में भीषण अग्निकांड: 4 मंजिला इमारत में लगी आग! 9 की दर्दनाक मौत, एसी में ब्लास्ट के बाद धधकी आग
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना विवेक विहार पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम, SHO और ACP तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में फैली हुई थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी सक्रिय रूप से राहत कार्य में जुटी हुई हैं। आग पर काबू पाने के प्रयासों के बीच इमारत के अलग-अलग हिस्सों से शव बरामद किए गए। स्थानीय नगर पार्षद पंकज लूथरा के अनुसार, दूसरी मंजिल के पिछले हिस्से से पांच शव मिले हैं, एक शव अन्य हिस्से से बरामद हुआ है, जबकि तीन शव सबसे ऊपरी मंजिल से मिले हैं। उन्होंने बताया कि शव बुरी तरह झुलस चुके हैं, जिसके चलते उनकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है। डीएनए जांच के बाद ही मृतकों की पहचान और अन्य विवरण स्पष्ट हो सकेंगे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एसी में ब्लास्ट बताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।