Sep 09, 2026 Login

मुंबई में पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक टली: जियो सेंटर से फर्जी पीएमओ अधिकारी और उसका सशस्त्र बॉडीगार्ड गिरफ्तार,हड़कंप

Major security breach involving PM Modi averted in Mumbai: Impostor claiming to be a PMO official and his armed bodyguard arrested at Jio Centre; incident sparks alarm.

मुंबई। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से ठीक पहले एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीकेसी में सुरक्षा में तैनात सतर्क पुलिस बल ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए संदिग्धों में से एक व्यक्ति खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बता रहा था, जबकि उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से एक लोडेड बंदूक बरामद हुई है। इस घटना के सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, वीआईपी मूवमेंट के दौरान जियो सेंटर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 24 वर्षीय युवक पर सुरक्षाकर्मियों को संदेह हुआ। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने खुद को पीएमओ का वरिष्ठ अधिकारी बताया। हालांकि, जब वहां मौजूद सतर्क अधिकारियों ने उसके पहचान पत्र और दावों की पड़ताल की, तो उसकी असलियत सामने आ गई। हिरासत में लिए गए दूसरे व्यक्ति ने खुद को फर्जी अधिकारी का बॉडीगार्ड बताया, जिसके पास से तलाशी के दौरान बंदूक बरामद की गई। प्रधानमंत्री जैसे अति-विशिष्ट व्यक्ति के कार्यक्रम स्थल के बेहद करीब हथियारबंद संदिग्धों का पहुंच जाना सुरक्षा में एक बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। हालांकि, मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से एक बड़ा संभावित खतरा समय रहते टल गया। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। केंद्रीय एजेंसियां और क्राइम ब्रांच की टीम अब संयुक्त रूप से दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही हैं। जांच अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि यह युवक किस नीयत से फर्जी पहचान बनाकर वीआईपी जोन में दाखिल हुआ था और बंदूक के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुँचने के पीछे उसकी क्या साजिश थी। इस घटना के बाद मुंबई में पीएम के आगामी कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है।