नैनीताल में सड़क सुरक्षा की बड़ी पहल: भवाली टैक्सी यूनियन में फर्स्ट रिस्पोंडर प्रशिक्षण, नियम तोड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस होगा निरस्त
नैनीताल। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत भवाली स्थित टैक्सी यूनियन परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत फर्स्ट रिस्पोंडर प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को समय रहते प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना रहा। इस कार्यक्रम में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने टैक्सी चालकों और वाहन स्वामियों को दुर्घटना स्थल पर घायलों को दी जाने वाली आवश्यक त्वरित प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान घायलों को सुरक्षित तरीके से संभालने, रक्तस्राव रोकने, सांस की समस्या में सहायता देने और एंबुलेंस आने तक जीवन रक्षक कदम उठाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही वाहन चालकों की आंखों की जांच और अन्य स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में चालकों ने अपनी जांच कराई।
कार्यक्रम में मौजूद सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) जितेंद्र सागवान ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को प्रशिक्षित और जागरूक बनाना है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में वे घबराने के बजाय सही निर्णय लेकर पीड़ितों की मदद कर सकें। उन्होंने कहा कि कई बार दुर्घटना के बाद समय पर सहायता न मिलने से लोगों की जान चली जाती है, ऐसे में फर्स्ट रिस्पोंडर की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। एआरटीओ जितेंद्र सागवान ने यह भी स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नए नियम के तहत जिन वाहन चालकों पर पांच या उससे अधिक चालान दर्ज होंगे, उनका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। यह कदम बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, गति सीमा का ध्यान रखें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे।