हल्द्वानी मीडिया सेंटर में बड़ा मंथन,पत्रकारों ने गिनाईं समस्याएं, सरकार ने दिया भरोसा!आशीष त्रिपाठी बोले— सर्वोपरि हैं पत्रकार हित

Major Deliberations at the Haldwani Media Center: Journalists Highlight Issues, Government Offers Assurance! Ashish Tripathi States—Journalists' Interests Are Paramount.

 

हल्द्वानी, 10 अप्रैल 2026।

प्रदेश सरकार पत्रकारों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के हित सरकार की प्राथमिकता में हैं और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है।

शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में अपर निदेशक ने मीडिया कर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। इस दौरान उन्होंने बताया कि पत्रकार मान्यता नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और इसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, मृतक आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता से जुड़े सभी लंबित मामलों का निस्तारण किए जाने की जानकारी भी दी गई।

अपर निदेशक ने यह भी कहा कि यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता प्राप्त करने में समस्या आती है, तो ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पत्रकार को जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का समाधान विभागीय और शासन स्तर पर शीघ्र किया जाएगा।

बैठक के दौरान पत्रकारों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, जिनमें चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, मान्यता प्रक्रिया में स्थिरता, कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा, राज्य अतिथि गृहों में त्वरित आरक्षण व्यवस्था, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे आरक्षण सुविधा की पुनर्बहाली, टोल प्लाजा में छूट तथा जिला पत्रकार स्थायी समिति में व्यापक प्रतिनिधित्व जैसे विषय प्रमुख रहे।

अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर हल किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत कुमाऊं द्वार, हल्द्वानी में एक आधुनिक मीडिया सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही इसके निर्माण कार्य की शुरुआत होने की उम्मीद है।

बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।