नैनीताल के हाईप्रोफाइल कथित यौन शोषण मामले में बड़ा एक्शन! भवाली के व्यापारी नेता हिरासत में, चार हथियारबंद बाउंसर भी पुलिस की पकड़ में
नैनीताल जिले में कथित यौन शोषण से जुड़े एक हाईप्रोफाइल मामले में मंगलवार सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भवाली निवासी व्यापारी नेता एवं स्वयं को समाजसेवी बताने वाले नरेश पांडे को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, नरेश पांडे के खिलाफ मल्लीताल कोतवाली में एक महिला द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ धोखाधड़ी करते हुए यौन शोषण किया। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और मंगलवार सुबह आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने नरेश पांडे के साथ मौजूद उसके चार बंदूकधारी बाउंसरों को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सभी बाउंसर काले कपड़ों में थे। पुलिस अब आरोपी और उसके साथियों से मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही है तथा घटनाक्रम से संबंधित अहम जानकारियां जुटाने में लगी हुई है।
मंगलवार सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद भवाली और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इस मामले ने उस समय और अधिक तूल पकड़ लिया था, जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए थे। बाद में संबंधित युवती की ओर से यह दावा भी सामने आया कि उस पर दबाव बनाकर एफआईआर दर्ज कराई गई थी तथा वायरल वीडियो AI Generated थे। पुलिस ने उन वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटवाने की कार्रवाई भी की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।