उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः ब्रेक फेल होने से डंपर 100 मीटर गहरी खाई में गिरा! चालक समेत दो की मौत
टिहरी। उत्तराखण्ड में आज गुरूवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां टिहरी जिले में एक अनियंत्रित डंपर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा लंबगांव क्षेत्र के क्यारी गांव के पास चारगांव रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि डंपर माजफ से माल खाली कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान क्यारी गांव के ऊपर मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होते ही डंपर चालक का वाहन से नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया और डंपर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान डंपर चला रहे 44 वर्षीय सूरज राठौड़ निवासी बहराइच (यूपी) और उनके साथ सवार 36 वर्षीय गजेन्द्र सिंह रांगड़ निवासी ग्राम रौणिया इस हादसे का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।