उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः गहरी खाई में गिरी दिल्ली नंबर की कार! 3 लोगों की मौत की खबर, मंजर देख सहमे ग्रामीण
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां बंगापानी क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत होने की खबर सामने आई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली नंबर की कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बंगापानी के उमरगड़ा के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। इधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया। जिसके तहत शव और घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया, फिर पिथौरागढ़ जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उधर हादसे के बाद काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।