मसूरी में बड़ा हादसा: फोटो खिंचवाने के बाद खड़ी चढ़ाई पर अनियंत्रित हुई कार! 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, स्थानीय लोगों की तत्परता से बाल-बाल बची पर्यटकों की जान
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार देर रात को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां बड़ा मोड़-बाला हिसार मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन महिलाएं और एक पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, 108 एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्गम खाई में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर मसूरी उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों की पहचान प्रियांजली रावत (26 वर्ष) निवासी भानियावाला देहरादून, लक्की देवी (25 वर्ष) निवासी डिब्रूगढ़ असम, आकांक्षा नौटियाल (23 वर्ष) निवासी शिमला बाईपास देहरादून तथा पांच वर्षीय रोनित रावत के रूप में हुई है। सभी मसूरी घूमने आए थे। मसूरी पुलिस के एसएसआई सत्येंद्र भाटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से कुछ दूरी पहले सभी पर्यटक सड़क किनारे फोटो खिंचवा रहे थे। इसके बाद जब महिला चालक ने खड़ी चढ़ाई पर कार को आगे बढ़ाने का प्रयास किया तो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच की जा रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। उप जिला चिकित्सालय मसूरी के चिकित्सक डॉ. प्रशांत ने बताया कि चारों घायलों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को देहरादून के हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।