रुद्रपुरः परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान! 279 वाहनों के चालान, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट दौड़ रहे 55 वाहनों पर भी एक्शन, 37 सीज
रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने ऊधम सिंह नगर जिले में दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 279 वाहनों के चालान किए। वहीं, गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 37 वाहनों को सीज भी किया गया। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 21 और 22 जुलाई को एआरटीओ प्रवर्तन नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। चेकिंग अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे 55 वाहनों के चालान किए। विभाग ने वाहन चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने और अपने वाहनों में अनिवार्य हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य सड़क पर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। जांच के दौरान दस्तावेजों और अन्य आवश्यक मानकों की भी पड़ताल की गई।
37 वाहन किए गए सीज
अभियान के दौरान नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर परिवहन विभाग ने 37 वाहनों को सीज किया। सीज किए गए वाहनों में 22 माल वाहन और 15 यात्री वाहन शामिल हैं। विभाग की कार्रवाई के बाद वाहन संचालकों में भी हड़कंप मचा रहा। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके। चेकिंग अभियान में परिवहन कर अधिकारी आनंद प्रकाश गुप्ता, तारकेन्द्र वैष्णव, गोविंद सिंह, आशुतोष डिमरी, परिवहन उप निरीक्षक गोकुल सिंह, मनोज भंडारी तथा परिवहन सहायक निरीक्षक महेंद्र सिंह और देवेंद्र सिंह समेत विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।