उत्तराखण्ड में गुलदार का खौफः अब पौड़ी में व्यक्ति को बनाया निवाला! गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा, वन विभाग और प्रशासन के कर्मचारियों को कमरे में किया कैद
पौड़ी। उत्तराखण्ड में गुलदार का आतंक लगातार जारी है, आए दिन गुलदार लोगों को अपना निवाला बना रहा है। ताजा मामला पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक से सामने आया है, यहां बलमणा गांव में सोमवार देर शाम गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय प्रकाश लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुलदार ने व्यक्ति पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया और शव को सड़क से नीचे घसीटकर ले गया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची वन विभाग और प्रशासन की टीम को एक कमरे में कैद कर दिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिसकी जानकारी कई बार वन विभाग को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत शूटर तैनात किया जाए, ताकि गुलदार को पकड़ा या मार गिराया जा सके और लोगों को राहत मिल सके। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है। डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि वह स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बना लिया था, जिसके बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। जनता की समस्याओं को सुना जा रहा है और समाधान निकाला जाएगा।