रुद्रप्रयाग में गुलदार का आतंक: बच्चे को उठाकर ले गया, प्रशासन की 6 टीमें चला रहीं सघन सर्च ऑपरेशन

Leopard terror in Rudraprayag: A leopard carried away a child, and the administration has deployed 6 teams to conduct an intensive search operation.

रुद्रप्रयाग

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के छिनका ककोड़ाखाल (नगरासू) क्षेत्र में गुलदार एक मासूम बच्चे को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।


जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देश पर पुलिस, वन विभाग, डीडीआरएफ और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। बच्चे की तलाश के लिए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।


एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर डटे हुए हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वहीं वन विभाग के एसडीओ देवेंद्र पुंडीर के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमों के माध्यम से कुल 20 वन कर्मी जंगल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही डीडीआरएफ के 9 जवान आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर भेजे गए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के 5 कर्मी भी सर्च ऑपरेशन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।घटनास्थल पर जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर एवं सूचना विभाग की टीम भी मौजूद है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
जिलाधिकारी प्रतीक जैन स्वयं पूरे मामले की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। वह ग्राम प्रधान, स्थानीय ग्रामीणों और घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।
प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं। फिलहाल सर्च अभियान युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन बच्चे को सुरक्षित ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।