नैनीताल में लेपर्ड का आतंकः 60 वर्षीय महिला को बनाया निवाला! इलाके में दहशत और आक्रोश

Leopard terror in Nainital: 60-year-old woman devoured! Panic and anger grip the area.

नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। ताज़ा मामला भीमताल के जूना स्टेट क्षेत्र से सामने आया है, जहां लेपर्ड ने 60 वर्षीय महिला को अपना शिकार बना लिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक महिला की पहचान गंगा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गंगा देवी कल देर शाम के समय अपने घर के पास पशुओं के लिए चारा लेने निकली थीं, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में महिला का शव बरामद हुआ, जिस पर लेपर्ड के हमले के स्पष्ट निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लेपर्ड की आवाजाही लगातार बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने लेपर्ड को जल्द से जल्द पकड़ने और क्षेत्र में पिंजरे लगाने की मांग की है। गौरतलब है कि धारी ब्लॉक क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष के चलते यह चौथी मौत है। वहीं बीते वर्ष भी भीमताल क्षेत्र में वन्यजीव हमलों में पांच लोगों की जान जा चुकी है, जिससे यह समस्या और भी गंभीर होती जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और लेपर्ड को पकड़ने के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इन दावों के बावजूद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।