गुलदार का आतंकः रुद्रप्रयाग में पांच साल के मासूम को बनाया निवाला! देर रात जंगल में मिला शव, पूरे इलाके में अलर्ट घोषित

Leopard terror: Five-year-old boy devoured in Rudraprayag! Body found in the forest late at night, alert declared in the entire area

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में गुलदार का आतंक लगातार जारी है। आए दिन गुलदार के हमलों में लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला रुद्रप्रयाग से सामने आया है, यहां ग्राम पंचायत सारी के सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार देर रात गुलदार ने 5 साल के मासूम बच्चे दक्ष को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद गांव में दहशत फैल गयी। बच्चे की तलाश में देर रात तक पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद आधी रात को बच्चे का शव गांव से एक किमी दूर क्षत-विक्षत स्थिति में मिला। ये घटना रुद्रप्रयाग जिले के छिनका-ककोडाखाल (नगरासू) क्षेत्र की है। इससे पहले घटना के बाद जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देश पर 6 अलग-अलग टीमें बनाई गई, जिनमें वन विभाग के 20 कर्मी, डीडीआरएफ के 9 जवान, जिला प्रशासन के 5 अधिकारी शामिल रहे। उधर प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन ने पूरे इलाके में अलर्ट घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से घर से बाहर न निकलने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों को घरों से बाहर भेजने से डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार आबादी क्षेत्र में बेखौफ घूम रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित नजर आ रहे हैं।