नूंह में काल बना केएमपी एक्सप्रेस-वे: यूपी के 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 की दर्दनाक मौत,दबिश देकर लौट रही थी टीम
नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे को शोक में डुबो दिया। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर हुए इस भयानक हादसे में यूपी के जालौन जिले में तैनात दो सब इंस्पेक्टर और दो सिपाहियों सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टीम एक अपहरण मामले में नूंह में दबिश देने आई थी, लेकिन वापसी के सफर में मौत ने उन्हें घेर लिया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से पुलिस की एक विशेष टीम अपहरण के एक मुकदमे की जांच और दबिश के लिए हरियाणा के नूंह आई थी। टीम में सब इंस्पेक्टर मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सर्विलांस टीम के दो सिपाही और मुकदमे का वादी शामिल थे। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे, जब यह टीम अपनी स्कॉर्पियो कार से वापस लौट रही थी, तभी धुलावट टोल प्लाजा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर जा रही थी। धुलावट टोल के पास चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अचानक असंतुलित हो गई और सामने चल रहे दूसरे भारी वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वह लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। हादसा इतना वीभत्स था कि कार में सवार पांचों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव गाड़ी के भीतर बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही तावडू सदर थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए नूंह के सामान्य अस्पताल भिजवाया। तावडू सदर थाना प्रभारी शीशराम यादव ने बताया, "हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान थे, जो जालौन जिले में तैनात थे। इस संबंध में जालौन के पुलिस अधीक्षक को सूचित कर दिया गया है। हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान नियंत्रण खोना प्रतीत हो रही है। हादसे में मरने वालों में दरोगा मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सर्विलांस टीम के दो सिपाही और एक वादी शामिल हैं। टक्कर के बाद गाड़ी में सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर आए दिन हो रहे हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे एक्सप्रेस-वे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें। इस घटना के बाद जालौन और नूंह दोनों जिलों में गमगीन माहौल है। पुलिस विभाग अपने जांबाज साथियों को खोने से सदमे में है।