Oct 08, 2026 Login
Awaaz24x7-government

3 साल की मासूम का अपहरण, महिला-पुरुष बच्ची को ले जाते सीसीटीवी में कैद

Kidnapping of 3-year-old girl; man and woman caught on CCTV taking the child away.

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बैरागी कैंप से लापता हुई बच्ची को एक महिला और एक पुरुष अपने साथ ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कनखल थाना क्षेत्र के ठोकर नंबर-10 बैरागी कैंप निवासी विनोद सोलंकी की तीन वर्षीय पुत्री राधिका रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सामने आए फुटेज ने पूरे मामले को अपहरण की घटना में बदल दिया। सीसीटीवी में एक महिला और एक पुरुष बच्ची को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दोनों संदिग्ध एक टेंपो की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को वाहन के जरिए कहीं और ले जाया गया।  घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश में जुट गई हैं। आसपास के क्षेत्रों के अलावा संभावित मार्गों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच की जा रही है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला और पुरुष की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भी प्रसारित किए गए हैं ताकि आम लोगों की मदद से जल्द से जल्द उनकी पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि बच्ची की सकुशल बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं, मासूम के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है और लोग बच्ची के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध महिला, पुरुष या बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।