12 साल पाकिस्तान में कैद,पांच बच्चे,बेटे की हिम्मत से एक खिड़की से शुरू हुई आज़ादी:कौन हैं सिल्वी यास्मीना कैसे पहुंची पाकिस्तान क्या है ये पूरा मामला?

Imprisoned in Pakistan for 12 years, freedom started from a window with the courage of five children and son: Who is Sylvie Yasmina, how did she reach Pakistan, what is this whole matter?

कहा जाता है कि प्यार इंसान को नई दुनिया दिखाता है, लेकिन फ्रांस की 54 वर्षीय सिल्वी यास्मीना के लिए यही प्यार एक ऐसे दुःस्वप्न में बदल गया, जिसने उनकी जिंदगी के 12 साल निगल लिए। यह कहानी केवल घरेलू हिंसा की नहीं, बल्कि विश्वास, स्वतंत्रता और मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन की भी है।

 


सिल्वी यास्मीना ने वर्ष 2003 में पाकिस्तानी नागरिक अहमद खान से विवाह किया था। विवाह के बाद परिवार ने कुछ वर्ष ऑस्ट्रेलिया में बिताए, लेकिन वर्ष 2014 में पति के कहने पर वह पाकिस्तान चली गईं। मीडिया को दिए बयान के मुताबिक पाकिस्तान पहुंचने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। सिल्वी का आरोप है कि उनके पति ने उनका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया और धीरे-धीरे उन्हें बाहरी दुनिया से पूरी तरह अलग-थलग कर दिया।
परिवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बारा क्षेत्र स्थित एक जर्जर मिट्टी के मकान में रखा गया, जहां सिल्वी और उनके पांच बच्चों का जीवन कथित तौर पर एक बंद कमरे तक सीमित होकर रह गया। सिल्वी के अनुसार, उन्हें न तो स्वतंत्र रूप से बाहर जाने दिया जाता था और न ही किसी से मिलने-जुलने की अनुमति थी। उनके बच्चों को शिक्षा से भी वंचित रखा गया। दो बड़े बच्चों की पढ़ाई बीच में ही छूट गई, जबकि पाकिस्तान में जन्मे तीन छोटे बच्चों का कभी स्कूल में दाखिला तक नहीं कराया गया।
सिल्वी ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया कि परिवार को वर्षों तक शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि रोजमर्रा की जिंदगी भय, हिंसा और अनिश्चितता के साये में गुजरती थी। वह केवल अपने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित रहती थीं।


करीब 12 वर्षों तक चले इस कथित बंदी जीवन का अंत जून 2026 में हुआ जब  सिल्वी के बड़े बेटे ने साहस दिखाते हुए घर से निकलने में सफलता हासिल की और पुलिस तक पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने छापा मारकर सिल्वी और उनके पांचों बच्चों को मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने परिवार को बेहद खराब परिस्थितियों में पाया। जांच अधिकारियों के मुताबिक, महिला और बच्चों के शरीर पर चोटों के निशान थे और वे लंबे समय से सामाजिक जीवन से कटे हुए थे। आरोपी पति अहमद खान को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल सिल्वी और उनके बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उन्होंने फ्रांस लौटने की इच्छा जताई है और संबंधित एजेंसियां उनकी स्वदेश वापसी की प्रक्रिया पर काम कर रही हैं।
यह मामला केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि ह्यूमन राइट्स का भी है। कई महिलाएं अंतरराष्ट्रीय विवाहों के बाद अपरिचित परिस्थितियों में कर सकती हैं। सिल्वी यास्मीना की कहानी इस बात का संदेश देती है कि रिश्तों में विश्वास जरूरी है, लेकिन अपनी पहचान, दस्तावेजों और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कोई महिला और उसके पांच बच्चे 12 वर्षों तक दुनिया की नजरों से ओझल कैसे रहे? और क्या ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वैश्विक स्तर पर अधिक प्रभावी सुरक्षा तंत्र की आवश्यकता नहीं है?