न्यूयॉर्क में ICE का बड़ा एक्शन!ट्रंप प्रशासन का इमिग्रेशन अभियान तेज,अप्रवासी लोगो में दहशत,निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी का भी डर,मानवाधिकार संगठनों ने जताई चिंता
न्यूयॉर्क। अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) ने सोमवार से न्यूयॉर्क के क्वींस इलाके में विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई आने वाले दिनों में न्यूयॉर्क शहर के अन्य हिस्सों तक भी बढ़ाई जाएगी। इस अभियान को लेकर अप्रवासी समुदाय में भय और अनिश्चितता का माहौल बन गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को हिरासत में लेना है जिन्हें स्थानीय जेलों से न्यूयॉर्क के 'सैंक्चुअरी' कानूनों के कारण ICE को नहीं सौंपा जा सका था। हालांकि अधिकारियों ने पहले ही संकेत दिया है कि इस दौरान तथाकथित "Collateral Arrests" भी हो सकती हैं। यानी यदि किसी विशेष व्यक्ति की तलाश में छापा मारा जाता है और वहां अन्य ऐसे लोग मिलते हैं जिनके इमिग्रेशन दस्तावेज़ों में समस्या है, तो उन्हें भी हिरासत में लिया जा सकता है।
यही वजह है कि न्यूयॉर्क के कई अप्रवासी बहुल इलाकों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय संगठनों का कहना है कि लोग काम पर जाने, बच्चों को स्कूल छोड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर निकलने से भी डर रहे हैं। व्यापारियों को आशंका है कि यदि यह अभियान लंबा चला तो बाजारों और छोटे कारोबारों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि फिलहाल इस अभियान में न्यूयॉर्क फील्ड ऑफिस के अधिकारी ही शामिल हैं और अन्य शहरों से अतिरिक्त एजेंट नहीं बुलाए गए हैं। हालांकि कार्रवाई को चरणबद्ध तरीके से शहर के दूसरे इलाकों तक विस्तारित किया जा सकता है।
इधर, मानवाधिकार संगठनों और इमिग्रेशन अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस अभियान पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों में कई बार वे लोग भी गिरफ्त में आ जाते हैं जो मूल लक्ष्य नहीं होते। इससे कानूनी रूप से रह रहे परिवारों और स्थानीय समुदायों में भी डर का माहौल पैदा होता है। वहीं ट्रंप प्रशासन का कहना है कि अवैध प्रवास और इमिग्रेशन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसी कार्रवाई आवश्यक है।