सऊदी में पति का 'निकाह' और यूपी में चार मासूमों का 'कत्ल': पत्थर दिल मां ने ईंट-हथौड़े से उतार दिया मौत के घाट

 Husband's 'Nikah' in Saudi Arabia, 'Murder' of Four Innocents in UP: Stone-Hearted Mother Beats Children to Death with Brick and Hammer

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने ममता के दामन को लहूलुहान कर दिया है। यहां एक सिरफिरी मां ने अपने ही चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। पति के दूसरे निकाह और घर न लौटने के तनाव में जल रही महिला ने बच्चों को पहले खाने में जहर दिया और फिर ईंट व हथौड़े से वार कर उनके सिर कुचल दिए। शनिवार दोपहर जब पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई, तो नजारा देखकर अनुभवी अधिकारियों के भी पैर कांप गए। 

पुलिस के अनुसार, महरुआ थाना क्षेत्र के कसड़ा निवासी नियाज (37) सऊदी अरब में नौकरी करता है। नियाज ने अपनी पत्नी गासिया खातून (34) के नाम पर अकबरपुर के मीरानपुर में मकान बनवाया था, जहां वह अपने चार बच्चों शफीक (14), सऊद (12), उमर (10) और बेटी बयान (8) के साथ रहती थी। विवाद की जड़ नियाज का सऊदी अरब में एक पाकिस्तानी महिला से दूसरा निकाह करना था। नियाज पिछले चार साल से घर नहीं लौटा था, जिससे गासिया मानसिक तनाव में थी। शनिवार को इसी तनाव और गुस्से ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। वारदात का खुलासा तब हुआ जब शनिवार सुबह 7:30 बजे दूधवाला घर पहुंचा, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। दोपहर तक जब बच्चों से संपर्क नहीं हुआ, तो सऊदी से नियाज ने अपनी भाभी बकीतुनिशा को फोन कर घर जाने को कहा। भाभी ने जब पुलिस को सूचना दी और पुलिस पहली मंजिल के रास्ते घर में घुसी, तो कमरे के अंदर तखत पर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ पड़े थे। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि घटनास्थल का मंजर भयावह था। बिस्तर से लेकर दीवारों तक खून के छींटे फैले थे। कमरे में बच्चों के उल्टी करने के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि हत्या से पहले उन्हें खाने में जहर दिया गया था। इसके बाद ईंट या हथौड़े से उनके सिर पर प्रहार किए गए। पुलिस को घर के नीचे टूटी हुई चूड़ियां और खून के निशान मिले हैं, जिससे अनुमान है कि महिला 8 फीट ऊंची बालकनी से कूदकर भाग निकली। हालांकि पुलिस गासिया की तलाश कर रही है, लेकिन ग्रामीणों और रिश्तेदारों के गले यह बात नहीं उतर रही कि एक अकेली मां अपने चार बड़े बच्चों को इतनी बेरहमी से कैसे मार सकती है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या इस जघन्य हत्याकांड में किसी बाहरी व्यक्ति ने गासिया की मदद की थी?बच्चों को जहर देने के बाद इस्तेमाल किए गए बर्तन साफ पाए गए, जो दर्शाता है कि आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने गासिया के मायके (भीटी क्षेत्र) में दबिश देकर उसके परिजनों को हिरासत में लिया है। इमारत के पास रास्ता संकरा होने के कारण एंबुलेंस अंदर नहीं जा सकी, जिसके बाद पुलिस वाहन से शवों को बाहर निकाला गया। बच्चों की जेठानी बकीतुनिशा का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार बच्चों का चेहरा देखने की गुहार लगाती रही। उधर, गांव में बच्चों की वृद्ध दादी अमीना बदहवास हैं। पूरे इलाके में इस सामूहिक हत्याकांड को लेकर सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।