शर्मसार हुई इंसानियत: पड़ोसी युवक ने किशोरी से किया दुष्कर्म, जांच में दो माह की गर्भवती निकली
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। चार दिन पहले किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर जब परिजन उसे अस्पताल ले गए, तो जांच में वह दो माह की गर्भवती पाई गई। इस खुलासे के बाद पूरे परिवार के होश उड़ गए। किशोरी ने परिजनों को बताया कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके साथ बार-बार गलत काम किया। परिजनों ने तुरंत मुखानी पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने रविवार को आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मुखानी एचएसओ सुशील जोशी ने बताया कि किशोरी की उम्र मात्र 16 वर्ष है और आरोपी उसका पड़ोसी है। पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पीड़िता के परिजनों ने कोर्ट से गर्भपात की अनुमति मांगी है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि बीएनएस की नई धाराओं के तहत तीन माह से कम अवधि के गर्भ में कोर्ट गर्भपात की अनुमति दे सकता है। पुलिस भी डीएनए जांच के लिए कोर्ट में आवेदन करेगी ताकि मामला मजबूत सबूतों पर खड़ा हो सके। यह घटना स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला रही है। पड़ोस में रहने वाले युवक द्वारा किशोरी के साथ इस घृणित कृत्य ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया है। परिजन अब किशोरी की मानसिक और शारीरिक स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाएगा।