खौफनाक सड़क हादसाः क्षतिग्रस्त डिवाइडर से निकले लोहे के एंगल ने ली किशोर की जान! नैनीताल हाईवे पर लापरवाही बनी मौत की वजह, लोगों में आक्रोश

Horrific road accident: A teenager's life was claimed by an iron angle protruding from a damaged divider! Negligence on the Nainital Highway led to death, sparking public outrage.

रुद्रपुर। रुद्रपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, यहां सब्जी मंडी गेट के पास क्षतिग्रस्त डिवाइडर से बाहर निकले लोहे का एंगल बाइक सवार किशोर की गर्दन में घुस गया। जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर 9, शिवनगर निवासी 16 वर्षीय सचिन राठौर पुत्र नरेश राठौर बीती रात करीब 11ः30 बजे अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वे नैनीताल हाईवे पर सब्जी मंडी गेट के पास पहुंचे तो सड़क पर क्षतिग्रस्त डिवाइडर से बाहर निकला नुकीले लोहे का एंगल सचिन की गर्दन में जा घुसे। हादसा इतना भयावह था कि सचिन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जिसके बाद सचिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में दूसरे युवक के मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सचिन का बड़ा भाई नितिन, माता-पिता और छोटी बहन अस्पताल पहुंचे। इधर हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल में शिवनगर के काफी लोग पहुंच गए। समाजसेवी संजय ठुकराल और गगन ग्रोवर भी तुरंत अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। सूचना पर रात्रि अधिकारी एसआई जीवन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के जरिए मोर्चरी भिजवाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर डिवाइडर के निकले हुए एंगल लंबे समय से खतरे को दावत दे रहे थे, लेकिन संबंधित विभाग ने इसे ठीक करना जरूरी नहीं समझा। इसी अनदेखी ने एक मासूम की जान ले ली।