पिरान कलियर में खौफनाक वारदात: लंगर बनाने वाले ने युवक को जलती लकड़ी से बेरहमी से पीटा,वीडियो वायरल

Horrific Incident in Piran Kaliyar: Langar Cook Brutally Beats Youth with Burning Log; Video Goes Viral

रुड़की। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत साबिर साहब की नगरी पिरान कलियर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक लंगर बनाने वाले दुकानदार ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए एक युवक की जलती हुई लकड़ी से जमकर पिटाई कर दी। इस घटना के बाद दरगाह क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मची है। पिरान कलियर में हर रोज हजारों जायरीन अपनी मुरादें लेकर पहुँचते हैं और लंगर की रस्मों में हिस्सा लेते हैं। इसी लंगर क्षेत्र में एक दुकानदार और युवक के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते दुकानदार ने चूल्हे से जलती हुई लकड़ी निकाली और युवक पर हमला बोल दिया। वीडियो में दिख रहा है कि दुकानदार युवक को बेरहमी से पीट रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ और मामला चर्चा का विषय बना, आरोपी दुकानदार मौके से फरार हो गया।

वायरल वीडियो में आ रही आवाजों के अनुसार, दुकानदार युवक पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगा रहा था। बताया जा रहा है कि युवक ने शायद दुकानदार का मोबाइल चुराने का प्रयास किया, जिससे तैश में आकर दुकानदार ने कानून हाथ में ले लिया। युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय दुकानदार ने खुद ही उसे 'सजा' देना शुरू कर दिया और जलती लकड़ी से उसे लहूलुहान कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब मीडिया ने पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी से संपर्क करना चाहा, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बताया गया कि वे हरिद्वार में क्राइम कंट्रोल मीटिंग में व्यस्त हैं। वहीं, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने इस मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा: पिरान कलियर में युवक की पिटाई का मामला अभी हमारे संज्ञान में नहीं आया है। थाना प्रभारी और मैं स्वयं मीटिंग में थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष से पूरी जानकारी जुटाई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लाखों लोगों की आस्था के केंद्र पिरान कलियर में इस तरह की हिंसक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में इस तरह सरेआम मारपीट होना और आरोपी का फरार हो जाना चिंता का विषय है। फिलहाल, पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश और पीड़ित की शिनाख्त में जुटी है।