नैनीताल में नगर पालिका अध्यक्ष का हाई-वोल्टेज ड्रामा: अतिक्रमण हटाने के नाम पर कार्रवाई या कानून हाथ में लेना? वीडियो से उठे सवाल!
नैनीताल।नैनीताल के मल्लीताल मस्जिद चौराहे पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय विवादों में आ गई, जब नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि एक गोलगप्पे के ठेले को हटाने के दौरान उसका सामान फेंका जा रहा है, वहीं यह भी आरोप है कि ठेला संचालक को थप्पड़ मारा गया। इस दौरान अध्यक्ष और पुलिस के बीच बहस होने की बात भी सामने आई है, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
कानूनी दृष्टि से देखा जाए तो नगर पालिका को अतिक्रमण हटाने का अधिकार अवश्य होता है, लेकिन यह कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही की जानी चाहिए। सामान्यतः नोटिस देना, जब्ती की विधिवत कार्रवाई और पुलिस की उपस्थिति में नियमों का पालन अनिवार्य होता है। किसी जनप्रतिनिधि द्वारा स्वयं कानून हाथ में लेना या शारीरिक बल का प्रयोग करना अधिकार क्षेत्र से बाहर माना जा सकता है। वीडियो में थप्पड़ मारना तो दिखाई नहीं दे रहा लेकिन यदि ऐसा कुछ हुआ है और मारपीट की पुष्टि होती है, तो यह कानून की दृष्टि से उचित नहीं है ।वहीं, ठेला हटाने की कार्रवाई भी यदि बिना वैधानिक प्रक्रिया के की गई है, तो यह प्रशासनिक दुरुपयोग की श्रेणी में आ सकती है। हालांकि शहर में अतिक्रमण और अवैध ठेलो के चलते सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और कूड़ा करकट भी होता है।
फिलहाल इस मामले में आधिकारिक पक्ष और पुलिस की प्रतिक्रिया आना बाकी है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है और अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।