हैलो... मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी...! जब 21 वर्षीय नवनिर्वाचित प्रधान प्रियंका को सीएम धामी ने लगाया फोन, जीत की दी बधाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुक्रवार को चमोली जिले के गैरसैंण की 21 वर्षीय नवर्निवाचित ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को फोन करके जीत की बधाई दी। इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि गांव के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होनें सारकोट के सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सारकोट के ग्रामीणों ने अच्छा चुनाव लड़ा। सीएम धामी ने कहा कि गैरसैंण को प्रदेश के मॉडल गांव के रूप में चुना गया है। कहा कि जिले के उच्च अधिकारी जल्द गांव का निरीक्षण करेंगे। उन्होनें नवर्निवाचित ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी को गांव में चल रहे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही कहा कि गांव की महिलाओं को आगे बढ़ाए। उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाए।
उन्होनें प्रियंका नेगी को देहरादून आमंत्रित भी किया। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात करके प्रियंका नेगी खासी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने मार्गदर्शन करने के लिए सीएम धामी का आभार भी जताया। बता दें कि 21 वर्षीय प्रियंका नेगी सारकोट की प्रधान पद के लिए निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को हराकर विजय हासिल की। प्रियंका नेगी को 421 और प्रियंका देवी को 235 मत प्राप्त हुए। इससे पूर्व 2014-19 तक प्रियंका के पिता भी प्रधान रह चुके हैं। प्रियंका नेगी ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीतिशास्त्र विषय में स्नातक किया है जिसका परिणाम भी तीन दिन पहले ही आया है।