नैनीताल में नाबालिगों से जुड़े अपराध मामलों की सुनवाई होगी और तेज, विशेष लोक अभियोजक तैनात
नैनीताल। नैनीताल मुख्यालय में अतिरिक्त विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) न्यायालय के गठन के बाद पॉक्सो एवं दुष्कर्म से जुड़े मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के लिए शासन ने जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) सुशील कुमार शर्मा को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया है।
माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल के निर्देशों तथा शासन की अधिसूचनाओं के अनुपालन में यह नियुक्ति की गई है। आदेश के अनुसार, सुशील शर्मा जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नैनीताल के न्यायालय में लंबित वादों की पैरवी के साथ-साथ नैनीताल में स्थापित फास्ट ट्रैक कोर्ट में विचाराधीन पॉक्सो एवं दुष्कर्म से संबंधित मामलों की ओर से अभियोजन पक्ष का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला बार एसोसिएशन तथा जिले के अधिवक्ताओं ने सुशील कुमार शर्मा को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। अधिवक्ता समाज का मानना है कि उनके अनुभव और विधिक दक्षता का लाभ संवेदनशील मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण में मिलेगा, जिससे दुष्कर्म एवं पॉक्सो से जुड़े मामलों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगी। इसे पॉक्सो एवं लैंगिक अपराधों से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।