हिमाचल में दर्दनाक हादसाः चलती कार पर भरभराकर गिरी भारी चट्टान! पिता की मौत, पत्नी और बेटा घायल

Tragic accident in Himachal: Massive boulder crashes onto moving car; father killed, wife and son injured.

नई दिल्ली। शिमला-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दसेरन (छैता) के समीप पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम चट्टान सड़क पर आ गिरी और इसकी चपेट में शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही एक कार आ गई। हादसे में कार सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। चट्टान के नीचे दबने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को वेगनार कार संख्या एचपी-52ए-7197 शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दसेरन (छैता) के पास अचानक पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान सड़क पर आ गिरी। कार चालक और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वाहन सीधे चट्टान की चपेट में आ गया। हादसे में कार सवार 63 वर्षीय अनिल बक्शी पुत्र राम शरण बक्शी, निवासी छोटा शिमला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी 58 वर्षीय बिजेश्वरी बक्शी और 27 वर्षीय बेटे करण बक्शी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। चट्टान के नीचे कार के दब जाने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। जेसीबी और एक्सकेवेटर मशीनों की मदद से चट्टान और क्षतिग्रस्त कार को हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन की ओर से हादसे के पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। घायलों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये, जबकि मृतक अनिल बक्शी के परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।

हादसे के बाद एनएच-205 पर लगा जाम
चट्टान गिरने और कार के क्षतिग्रस्त होने के कारण एनएच-205 पर यातायात बाधित हो गया। सड़क पर बड़े पत्थर और मलबा फैल गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी व एक्सकेवेटर की सहायता से सड़क से मलबा और पत्थर हटाने का काम शुरू कराया गया। काफी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। सड़क से मलबा हटाकर यातायात को सुचारू करा दिया गया है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है। वहीं, एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने बताया कि प्रशासन की ओर से घायलों और मृतक के परिजनों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई गई है। मृतक के शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया है।