नैनीताल: कुलपति ने गिनाईं तीन साल की उपलब्धियां! रैंकिंग सुधार को बताया शैक्षणिक प्रगति का प्रमाण
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने इंडिया टुडे बेस्ट यूनिवर्सिटीज रैंकिंग-2026 में सरकारी विश्वविद्यालयों की राष्ट्रीय रैंकिंग में 25वां स्थान हासिल किया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इसे अब तक की सर्वश्रेष्ठ इंडिया टुडे रैंकिंग बताते हुए इसे पिछले तीन वर्षों में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, संस्थागत विकास और विद्यार्थियों के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम बताया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राष्ट्रीय रैंकिंग में पिछले तीन वर्षों से लगातार सुधार हुआ है। उनके अनुसार वर्ष 2023 में विश्वविद्यालय 30वें स्थान पर था, जो 2024 में 28वें, 2025 में 27वें और 2026 में 25वें स्थान पर पहुंच गया।
कुलपति ने कहा कि तीन वर्षों में पांच पायदान का यह सुधार विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों, संस्थागत विकास और समग्र शैक्षणिक वातावरण में हुए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की सामूहिक मेहनत और प्रतिबद्धता को दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शोध एवं नवाचार, संस्थागत विकास और विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी गई है। इन क्षेत्रों में विभिन्न स्तरों पर किए गए प्रयासों का असर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। कुलपति ने कहा कि रैंकिंग में लगातार सुधार कुमाऊं विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती शैक्षणिक पहचान का संकेत है। उन्होंने इसे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा बताते हुए शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।