हल्द्वानीः दिनदहाड़े घर में घुसा बेखौफ चोर! बक्सा लेकर हुआ रफू चक्कर, आईजी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई वारदात से मचा हड़कंप
हल्द्वानी। हल्द्वानी से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहां आईजी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर बेखौफ चोर ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। मामला शहर के पॉश इलाके बद्रिपुरा का है। बताया जाता है कि आरोपी व्यक्ति किराएदार बनकर इलाके में रह रहा था। उसने पहले घर की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही चोरी की योजना को अंजाम दिया और कमरे से बक्सा उठा कर रफू चक्कर हो गया। वारदात के समय घर पर महिला अकेली थी। महिला को जब घटना की जानकारी हुई तो उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद और क्षेत्रवासियों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली के अंतर्गत हीरा नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित महिला के अनुसार बक्से में जेवरात आदि थे।