हरिद्वार में शर्मसार हुआ 'गुरु-शिष्य' का रिश्ता: तीरंदाजी कोच पर नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज, जांच शुरू 

'Guru-Shishya' Bond Tarnished in Haridwar: Archery Coach Accused of Raping Minor Student; Case Registered, Investigation Underway.

हरिद्वार। धर्मनगरी के कनखल थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी स्कूल के तीरंदाजी कोच पर अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार,आरोपी कोच मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और कनखल के एक प्रतिष्ठित स्कूल में बच्चों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता था। आरोप है कि पिछले साल अक्टूबर के महीने में उसने छात्रा को अकेला पाकर उसे डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने छात्रा को जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से मासूम कई महीनों तक खामोश रही। पिछले करीब छह महीनों से इस मानसिक प्रताड़ना को झेल रही छात्रा ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरी सच्चाई बताई। अपनी बेटी की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़िता के पिता ने तत्काल कनखल थाने पहुँचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज कर लिया है। कनखल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई है। पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने स्कूल में प्रशिक्षण लेने वाली अन्य छात्राओं के साथ भी इस तरह की कोई हरकत की है। मामला एक नामी स्कूल से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।