Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: महाराष्ट्र का सियासी घमासान पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, सुनवाई आज! उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, लिंक में पढ़ें किसने कहा हम शरीफ क्या हुए दुनिया बदमाश हो गई

Gur Morning India: Maharashtra's political turmoil reached Supreme Court, hearing today! Heavy rain alert in Uttarakhand, read in the link, who said what happened to us Sharif, the world has become a

गुड़ मॉर्निंग इंडिया, आवाज 24x7 के खास कॉलम में हम एक बार फिर आपके समक्ष आज के प्रमुख कार्यक्रमों और बड़ी खबरों के साथ प्रस्तुत हैं। प्रमुख कार्यक्रमों की बात करें तो आज  शिवसेना के बागी विधायकों को दिए नोटिस पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा। वहीं आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे शाम 6 बजे मुंबई के गोवंडी में रैली करेंगे। उधर आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद के एनेक्सी भवन में विपक्षी नेताओं की मीटिंग होगी।

बड़ी खबरों की शुरूआत महाराष्ट्र की सियासत से करते हुए बता दें कि महाराष्ट्र का सियासी घमासान अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। 16 बागी विधायकों ने डिप्टी स्पीकर के नोटिस को शीर्ष अदालत में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट सोमवार को इस पर सुनवाई करेगा​​​​​​। शनिवार को डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल ने 16 विधायकों को सदस्यता रद्द करने का नोटिस भेजा था। वहीं आदित्य ठाकरे ने बताया कि एकनाथ शिंदे को 20 मई को ही मुख्यमंत्री बनने का ऑफर उद्धव जी की ओर से दिया गया था, लेकिन फिर भी उन्होंने बगावत की। बोले- हम शरीफ क्या हुए, दुनिया बदमाश हो गई... बाला साहेब होते तो जवाब देते।

उधर लोकसभा की तीन और विधानसभा की 7 सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे आ गए हैं। UP की रामपुर और आजमगढ़ सीट BJP ने जीती हैं। ये दोनों सीटें सपा का गढ़ मानी जाती थीं। आजमगढ़ से भोजपुरी सिनेमा के स्टार दिनेश लाल निरहुआ जीते हैं। पंजाब के संगरूर में आप को हार मिली है। विधानसभा सीटों में 3 पर BJP, 2 पर कांग्रेस, एक पर आप और एक पर YSR कांग्रेस जीती है।

इधर एक्टिविस्ट तीस्ता सीतलवाड़ और पूर्व DGP श्रीकुमार को अहमदाबाद मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 2 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। उन पर गुजरात दंगे से जुड़े मामलों में सबूत गढ़ने के आरोप हैं। आरोपों की जांच के लिए SIT बनाई गई है। SIT को गुजरात ATS के DIG लीड करेंगे। तीस्ता को मुंबई में उनके घर से हिरासत में लेने के बाद अहमदाबाद लाया गया था।

उधर हार्दिक पंड्या की कप्तानी में भारत ने आयरलैंड को 7 विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए आयरलैंड ने 109 रनों का टारगेट दिया। हैरी टेक्टर ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए। डेब्यू मैच में उमरान मलिक ने एक ओवर फेंका और 14 रन दिए। जवाब में टीम इंडिया ने 9.2 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। दीपक हुड्डा ने 47 रन बनाए। पंड्या ने 24 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया।

इधर जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रविवार को सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में आतंकी के छिपे होने के इनपुट मिले थे। इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। ऑपरेशन में डोडा शहर के बाहरी इलाके से आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस आतंकी के पास एक चीनी पिस्तौल, दो मैगजीन, 14 लाइव कार्टरिज और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। मामले की जांच जारी है।

अब उत्तराखंड की खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार रात पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले पांच दिन तक प्रदेश में झमाझम वर्षा के आसार हैं। इस बीच 29 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना है। इस दिन राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। 

उधर मानसून से पहले ही वर्षा ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वर्षा के चलते रविवार तड़के बदरीनाथ हाइवे चमोली व जोशीमठ के बीच पागलनाला व विरही चाड़े में दो जगह भूस्खलन से बंद हो गया। वहीं रविवार को केदारनाथ हाईवे पर दो यात्री बसों पर पहाड़ी से बोल्डर गिर गए। इनकी चपेट में आकर उत्तर प्रदेश के एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।