पटना में 'महा-शक्ति प्रदर्शन': सम्राट कैबिनेट का विस्तार आज, बंगाल की जीत और बिहार की एकजुटता का दिखेगा दम
पटना। बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। पश्चिम बंगाल में मिली प्रचंड जीत का जश्न भारतीय जनता पार्टी आज बिहार की धरती पर मनाने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार आज यानी बृहस्पतिवार को एक भव्य समारोह के साथ होने जा रहा है। भाजपा ने इस प्रशासनिक प्रक्रिया को एक 'राष्ट्रीय उत्सव' और 'शक्ति प्रदर्शन' में बदल दिया है, जिसका लक्ष्य विपक्ष को एनडीए की एकजुटता और चुनावी आत्मविश्वास का कड़ा संदेश देना है।
आज पटना की सड़कें एनडीए के रंग में रंगी नजर आएंगी। समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जद(यू) सुप्रीमो नीतीश कुमार के साथ एक मेगा रोड शो करेंगे। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक का यह 8 किलोमीटर लंबा सफर एनडीए के भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। पिछले महीने जब सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तब पीएम मोदी की अनुपस्थिति के कारण समारोह सादा रहा था, लेकिन इस बार भाजपा कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती। गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य समारोह में कुल 27 मंत्री शपथ ले सकते हैं। एनडीए के भीतर तय हुए फॉर्मूले के तहत जातियों और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय का जिम्मा खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी संभालेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष का प्रतिष्ठित पद भाजपा के खाते में ही बना रहेगा। विभागों के अंतिम बंटवारे पर गृह मंत्री अमित शाह और जदयू नेताओं के बीच कल देर रात चली बैठक में मुहर लग चुकी है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि असम में जीत की हैट्रिक और पूर्वी भारत के सबसे महत्वपूर्ण राज्य पश्चिम बंगाल में कमल खिलाने के बाद भाजपा अब बिहार में अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंचाना चाहती है। एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी इस कार्यक्रम को केवल बिहार का नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय मंच बना देगी। बीते कुछ समय से एनडीए के भीतर दरार की अटकलें लगाने वाले विपक्ष के लिए यह आयोजन एक करारा जवाब है। गांधी मैदान में जुटने वाली यह भारी भीड़ और मंच पर मौजूद दिग्गजों की फौज यह साबित करेगी कि बिहार में 'डबल इंजन' की सरकार अब पूरी रफ्तार से दौड़ने को तैयार है। वही प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी को देखते हुए पटना को छावनी में बदल दिया गया है। गांधी मैदान के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं और पूरे रोड शो रूट पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह केवल मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं, बल्कि बिहार के विकास के नए अध्याय की शुरुआत है।