Good Morning India: न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बने जोहरान ममदानी, मालदीव में दुनिया का पहला धूम्रपान-शून्य कानून लागू! छत्तीसगढ़ ट्रेन हादसा, मृतकों की संख्या 11 पहुंची! उत्तराखण्ड में बदला मौसम, बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों बर्फबारी, 10 नवंबर से हड़ताल पर जाएंगे उपनलकर्मी
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। राहुल गांधी आज बिहार के औरंगाबाद और वजीरगंज में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। वहीं आज दिल्ली में वर्ल्ड चैम्पियन महिला क्रिकेट टीम से मिलेंगे पीएम नरेंद्र मोदी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका के लुइसविले मुहम्मद अली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद ही एक UPS कार्गो प्लेन हादसे का शिकार हो गया। UPS एक पार्सल कंपनी है। विमान हवाई जा रहा था। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, UPS का यह MD-11 विमान टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ। FAA ने बताया कि हादसे की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की अगुवाई में की जा रही है। विमान के जमीन पर गिरते ही भीषण आग लग गई। हादसे के बाद अधिकारियों ने हवाई क्षेत्र बंद दिया और आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया। UPS की ओर से जारी बयान में कहा गया कि विमान में 3 क्रू मेंबर सवार थे। घटना के बाद लुइसविले मेट्रो पुलिस और कई अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एयरपोर्ट के पास काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखा।
इधर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पैसेंजर ट्रेन (मेमू) व मालगाड़ी की भीषण टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है और 20 लोग घायल हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बुलेटिन के मुताबिक बिलासपुर स्टेशन के समीप दिनांक 04 नवम्बर, 2025 को हुई मालगाड़ी एवं मेमू लोकल के डिरेलमेंट की इस घटना में 11 यात्रियों की मृत्यु एवं 20 यात्री घायल हुए हैं। रेल प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिए गए थे तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे बोर्ड के मुताबिक, आशंका है कि मेमू ट्रेन के चालक ने लाल सिग्नल नजरअंदाज कर दिया, जिससे हादसा हुआ। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद ही सही कारण का पता चल सकेगा।
उधर अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मेयर चुनाव का परिणाम सामने आ गया है। भारतीय मूल के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने ये चुनाव जीत लिया है। आपको बता दें कि ममदानी शुरू से ही न्यूयॉर्क शहर में मेयर चुनाव की रेस में सबसे आगे चल रहे थे। इस जीत के साथ ही जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क शहर के पहले मुस्लिम मेयर बन गए हैं। उनकी जीत को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
इधर ट्रेड वॉर के बीच चीन ने अमेरिका को बड़ा झटका दिया है। चीन ने ईसाइयों के कथित उत्पीड़न को लेकर नाइजीरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी का विरोध किया है। इतना ही नहीं चीन ने नाइजीरियाई सरकार का परिस्थितियों के अनुरूप देश को आगे ले जाने का समर्थन भी किया है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि यदि नाइजीरियाई सरकार ईसाइयों की हत्या की अनुमति देती रही, तो अमेरिका उस पश्चिमी अफ्रीकी देश को दी जाने वाली सभी सहायता तत्काल रोक देगा। इस्लामी आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सैन्य कार्रवाई भी कर सकता है।
उधर अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर स्नान शुरू हो गया है। कई लाख लोग मंगलवार रात को ही अयोध्या पहुंच गए थे। भोर से डुबकी लगाने का सिललिसा शुरू हो गया था। सुबह चार बजे से ही घाटों पर भारी भीड़ दिख रही थी। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण बुधवार को लता मंगेशकर चौक और सरयू घाट की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू हो गया था। यह व्यवस्था मेले की समाप्ति तक जारी रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगमता को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। आवश्यक सेवाएं और एम्बुलेंस वाहनों पर प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा।
इधर बिहार में विधान सभा का चुनाव है। गुरुवार को पहले चरण का जबकि 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान है, जिसको देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती है। इसी बीच एक घर में जवान बेटी के साथ माता-पिता का शव बरामद हुआ है। जब स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। अब मामले की जांच की जा रही है। घटना के हाट थाना यूरोपियन कॉलोनी की है। मृतकों की पहचान नवीन कुशवाहा (52), कंचन माला सिंह (48) वर्ष और तन्नू प्रिया के रूप में की गई। मृतक जदयू नेता निरंजन कुशवाहा के बड़े भाई हैं। घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ सहित अन्य थाने की पुलिस पूर्णिया के गैलेक्सी हॉस्पिटल पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस अब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में लग गई है।
उधर सांसों को धुआं-मुक्त बनाने की दिशा में मालदीव ने साहसिक कदम उठाया है। देश ने 1 नवंबर से वह ऐतिहासिक कानून लागू कर दिया है जिसके तहत 2007 के बाद जन्मा कोई भी व्यक्ति चाहे वह नागरिक हो या सैलानी अब सिगरेट, तंबाकू, ई-सिगरेट या वेपिंग उत्पाद न खरीद सकेगा, न इस्तेमाल कर सकेगा। इससे मालदीव दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जिसने पूरी नई पीढ़ी के लिए धूम्रपान को हमेशा के लिए अतीत बना दिया। मालदीव स्वास्थ्य मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि 1 नवम्बर 2025 से तंबाकू-मुक्त पीढ़ी कानून लागू हो चुका है। यह नियम विदेशी पर्यटकों पर भी लागू होगा। दुकानदारों को खरीदार की उम्र की अनिवार्य जांच करनी होगी। उल्लंघन की स्थिति में नाबालिग को तंबाकू बेचने पर 50,000 मालदीवियन रूफिया (करीब 2.88 लाख रुपए) का जुर्माना भरना पड़ेगा।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बदरीनाथ धाम की समीप की चोटियों पर मंगलवार को बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। मौसम में आए बदलाव से धाम में ठंड बढ़ गई है। धाम में ठंड से बचने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही श्रद्धालु अलाव का सहारा ले रहे हैं। बदरीनाथ धाम में मंगलवार को मौसम में बदहाल आने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम को बर्फबारी हुई। जिससे धाम में ठंड बढ़ गई है। बर्फीली हवाएं चलने से श्रद्धालुओं ने भी अलाव का सहारा लिया।
इधर कीर्तिनगर के ढुंडप्रयाग घाट पर मंगलवार को पूजा के लिए आए लोगों में एक महिला और एक व्यक्ति अलकनंदा नदी में डूबने से लापता हो गए। कोतवाली कीर्तिनगर के एसएसआई कुंवर राम आर्य ने बताया कि ग्राम जबरौली, पोस्ट पिनानी विकासखंड पाबौ जिला पौड़ी गढ़वाल से करीब 15 से अधिक लोग पूजा के लिए ढुंडप्रयाग घाट पर पहुंचे थे। पूजा के बाद अलकनंदा नदी में डुबकी लगाते समय आशा देवी (40) पत्नी गजपाल सिंह गुसाईं डूबने लगी। इस दौरान जसवंत सिंह (54) पुत्र कुंवर सिंह गुसाईं महिला को बचाने के लिए नदी में कूदे पर इस प्रयास में वह भी डूब गए।
उधर उपनल संयुक्त मोर्चा ने नियमित न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए 10 नवंबर से हड़ताल पर जाने का एलान किया है। संगठन के प्रांतीय महामंत्री विनय प्रसाद ने कहा, आंदोलन को उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ का भी समर्थन मिला है। संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय महामंत्री के मुताबिक प्रदेश के उपनल कर्मचारी वर्षों से बहुत कम मानदेय पर काम कर रहे हैं। हाईकोर्ट ने वर्ष 2018 और सुप्रीम कोर्ट ने 2025 में उपनल कर्मचारियों के पक्ष में फैसला दिया था, इसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से कर्मचारियों को नियमित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन इस दिशा में अब तक कुछ नहीं किया गया। इससे उपनल के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत 22 हजार कर्मचारियों में नाराजगी है।
इधर उधम सिंह नगर के आईटीआई थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से एक पिस्टल, दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, फिर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। वहीं देहरादून में गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।