गुड़ मॉर्निंग इंडिया: आज शपथ लेंगे उपराष्ट्रपति धनखड़! जम्मू-कश्मीर के परगल में तीन जवान शहीद, लिंक में पढ़ें उत्तराखंड में बारिश ने कहां मचाया कहर
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया प्रोग्राम में आपका स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज जगदीप धनखड़ उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे, इस दौरान PM मोदी भी मौजूद रहेंगे। उधर नेपाल के विदेश मंत्री नारायण खड़का दो दिन के लिए चीन के किंगदाओ शहर पहुंचेंगे। वहीं आज देश छोड़कर भागे श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे थाईलैंड जा सकते हैं।
बड़ी खबरों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में 3 जवानों के शहीद होने की खबर है। इस एनकाउंटर में 2 आतंकी भी मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि आतंकवादी आर्मी कैंप में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जवानों ने उनके इस मंसूबे को नाकाम कर दिया।
उधर नीतीश कुमार ने 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है। उनके पास 7 पार्टियों का समर्थन है। तेजस्वी यादव नई सरकार में डिप्टी CM बने हैं। शपथ लेने के बाद नीतीश ने 2024 के लिए विपक्ष से एकजुट रहने की अपील की। शाम 5 बजे हुई कैबिनेट बैठक में तय हुआ कि 24 और 25 अगस्त को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। इसके अगले दिन फ्लोर टेस्ट होगा।
इधर हवाई किराए पर दो साल से लगा कैप 31 अगस्त से हट जाएगा। सिविल एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह जानकारी दी है। अभी एयरलाइंस कंपनियां बुकिंग की तारीख से 15 दिन बाद की टिकटों की कीमतें तय कर सकती हैं। कैप हटने से वे अपने हिसाब से किराया तय कर पाएंगी। इससे पैसेंजर्स को फायदा होगा, क्योंकि डिमांड बढ़ाने के लिए कंपनियां टिकट सस्ता कर सकती हैं।
उधर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक आने के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। राजू होटल के जिम में वर्कआउट कर रहे थे। ट्रेडमिल पर रनिंग करते वक्त उनके सीने में दर्द हुआ और वे गिर पड़े। राजू की एंजियोप्लास्टी की गई है। वे ICU में हैं और उनकी हालत स्थिर है। राजू श्रीवास्तव ने 2014 में BJP जॉइन की थी। बताया जाता है कि वे पार्टी नेताओं से मिलने ही दिल्ली गए थे।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां उत्तरकाशी के पुरोला में बुधवार को रात भर भारी वर्षा से नदी नाले उफान पर आ गए, जिस वजह यहां बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। यहां कुमोला खड्ड के उफान पर आने से 5-6 दुकानें बह गई हैं। रात से ही क्षेत्र में बिजली नहीं है। भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। यहां पीएनबी बैंक का एटीएम भी बह गया है।
उधर बुधवार रात करीब आठ बजे दून आइएसबीटी में हर प्लेटफार्म पर यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी। इतनी ही भीड़ आइएसबीटी गेट के आसपास और बाहर भी मौजूद रही। हर किसी को बस किसी तरह से घर जाने की जल्दी थी। रोडवेज बस में पांव रखने की जगह ही क्यों ना हो, लेकिन किसी तरह जिद्दोजहद कर बस में चढ़ गए।