Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: राजस्थान में जबरदस्त तनाव, NIA और SIT की टीम पहुंची! उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट

Good Morning India: Tremendous tension in Rajasthan, team of NIA and SIT arrived! Heavy alert for next three days in Uttarakhand, weather department issued big alert

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया कॉलम में आपका स्वागत है, आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लगातार दूसरे दिन कैबिनेट की मीटिंग करेंगे। वहीं आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिन के लिए अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड जाएंगे।

बड़ी खबरों की बात करें तो तालिबानी तरीके से की गई हत्या के बाद राजस्थान के उदयपुर में तनाव है। जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई है, 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पूरे राजस्थान में 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद है और एक महीने के लिए धारा 144 लागू की गई है। प्रशासन ने भीड़ जुटने पर पाबंदी लगा दी है और इस बीच भाजपा ने उदयपुर बंद बुलाया है। वहीं, बुधवार सुबह उदयपुर के महाराणा भूपाल सिंह अस्पताल की मॉर्च्यूरी में पोस्टमार्टम की तैयारियां शुरू की गईं।

उधर महाराष्ट्र का सियासी घमासान आठवें दिन राजभवन पहुंच गया। मंगलवार देर रात भाजपा के देवेंद्र फडणवीस, गिरीश महाजन और चंद्रकांत पाटील उद्धव सरकार के खिलाफ फ्लोर टेस्ट की मांग को लेकर राजभवन पहुंचे। अगर राज्यपाल फ्लोर टेस्ट का नोटिस देते हैं, तो उद्धव सरकार सुप्रीम कोर्ट जा सकती है।

इधर महाराष्ट्र के पालघर में तारापुर में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना मंगलवार रात की है, जब महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MIDC) प्लांट में एक के बाद एक 10 से 12 धमाके हुए। धमाके के बाद आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने का काम कर रही हैं।

इधर ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने 7 से 12 साल के बच्चों के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने कोवोवैक्स वैक्सीन बनाई है। इसके अलावा जेनोवा बायोफार्मास्यूटिकल की दो डोज की mRNA वैक्सीन को भी मंजूरी दे दी गई है। यह वैक्सीन अभी 18 साल या उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों को ही लगाई जा सकती है। शुक्रवार को एक बैठक में सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी ने इस वैक्सीन के इमरजेंसी यूज के लिए प्रस्ताव दिया था।

उधर मुंबई में तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के हेलिकॉप्टर की मंगलवार को तकनीकी खराबी के चलते अरब सागर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पवन हंस कंपनी के इस हेलिकॉप्टर में दो पायलट समेत 9 लोग सवार थे। हादसे में 5 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा मुंबई के तट से 50 समुद्री मील दूर अरब सागर में हुआ।

इधर देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। केरल- महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु, बंगाल, दिल्ली में भी संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को देश में 14,258 लोग पॉजिटिव पाए गए, 11,468 संक्रमित ठीक हुए। जबकि कोरोना से संक्रमित 30 लोगों की मौत हो गई।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां मौसम का मिजाज बदला-बदला हुआ है, राजधानी देहरादून सहित राज्‍य के लगभग सभी इलाकों में बारिश की संभावना जतायी जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में मानसून के उत्तराखंड पहुंचने की उम्मीद है। अगले तीन दिन तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है। नदी-नालों के उफान पर आने की भी आशंका है।

उधर रुड़की में मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस के हाथ अब तक कोई बड़ी सफलता नहीं लगी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध बाइक सवार की भी पहचान की है। पुलिस हुलिये के आधार पर उस तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।