Oct 20, 2026 Login
Awaaz24x7-government

बड़ी खबरः टाइगर श्रॉफ नहीं, बॉलीवुड का कोई और सेलिब्रिटी था हमलावरों का पहला टारगेट! प्लान फेल होने पर अभिनेता की कार पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Big News: It wasn't Tiger Shroff—another Bollywood celebrity was the attackers' primary target! When their plan failed, they opened fire indiscriminately on the actor's car; a shocking revelation has

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में आरोपियों की शुरुआती पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे सामने आए हैं। जांच के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ इस साजिश में आरोपियों का पहला टारगेट नहीं थे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने शुरुआत में बॉलीवुड के किसी दूसरे सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन जब वे अपने तय टारगेट तक आसानी से नहीं पहुंच सके तो उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया। हालांकि, पहले किस सेलिब्रिटी को टारगेट करने की योजना थी, इसकी पहचान अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया था। जांच के अनुसार, अभिनेता और उनके प्रशंसकों के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद रील्स और पोस्ट के जरिए आरोपियों को उनकी मूवमेंट से जुड़ी जानकारी मिली। इसके साथ ही पुलिस सुरक्षा से संबंधित जानकारियां जुटाने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री के आधार पर कितनी जानकारी जुटाई और क्या उन्हें किसी अन्य व्यक्ति से भी मदद मिली थी।

दरअसल, यह मामला मुंबई के जुहू इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम फुटबॉल मैच खेलने के बाद टाइगर श्रॉफ अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग की गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस ने रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है। घटनास्थल से पांच खाली कारतूस और दो कारतूस भी बरामद किए गए थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी रेहान की बंदूक जाम होने के बाद दो कारतूस गिर गए थे। वहीं, घटना के दौरान फूल सिंह की ओर से पांच राउंड फायर किए जाने की बात भी सामने आई है। शुरुआत में फूल सिंह को नाबालिग बताया गया था, लेकिन मुंबई पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि वह वयस्क है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला कब और किन परिस्थितियों में लिया गया। साथ ही, पहले टारगेट बनाए गए सेलिब्रिटी की पहचान और साजिश में संभावित अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।