गुड़ मॉर्निंग इंडिया: लैंडिंग के दौरान तूफान में फंसी स्पाइसजेट की फ्लाइट! चारधाम यात्रा के लिए आज रवाना होगा पहला जत्था, लिंक में पढ़ें आज के प्रमुख अपडेट
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया प्रोग्राम में आपका पुनः स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन के लिए जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस दौरे पर जाएंगे। वहीं आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद असम के तामुलपुर में बोडो साहित्य सभा के 61वें सेशन में शामिल होंगे। उधर आज IPL के 47वें मैच में कोलकाता और राजस्थान के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।
अभी तक कि बड़ी खबरों की बात करें तो अमेरिका की हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी अचानक यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचीं और राष्ट्रपति जेलेंस्की से 3 घंटे मुलाकात की। जंग लंबी खिंचने की आशंका के बीच उन्होंने भरोसा दिया कि अमेरिका रूस की हार तक यूक्रेन के साथ है। नैंसी यूक्रेन जाने वालीं अमेरिका की सबसे बड़ी लीडर हैं। इस बीच रूसी हमले में तबाह शहर मारियूपोल के स्टील प्लांट में फंसे 100 लोगों को निकाला गया है।
उधर पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में स्पाइसजेट का एक विमान लैंडिंग के वक्त तूफान में फंस गया। विमान को लगे झटके से केबिन में रखा सामान पैसेंजर के ऊपर गिरने लगा। इससे करीब 40 यात्री घायल हो गए। इस विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी। स्पाइसजेट ने इस घटना पर अफसोस जाहिर किया है। कंपनी ने कहा है कि सभी घायलों के इलाज का इंतजाम किया गया है।
इधर सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर में रविवार को गैंगस्टर के आरोपित को पकड़ने गई सैयदराजा थाना की पुलिस ने घरवालों के साथ मारपीट की। आरोपित के न मिलने पर पुलिस उसके छोटे भाई को अपने साथ ले गई। आरोप है कि दबिश के दौरान पुलिस ने स्वजनों संग जमकर अभद्रता की। इससे क्षुब्ध होकर आरोपित कंहैया यादव की 27 वर्षीय बेटी गुड़िया ने जहां फांसी लगाकर अपनी जान दे दी वहीं छोटी बेटी गूंजा पुलिस की पिटाई से काफी जख्मी हो गई ।
उधर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने औरंगाबाद में कहा है कि उन्हें चार मई से मस्जिदों पर लाउडस्पीकर की आवाज सुनाई नहीं देनी चाहिए। नहीं तो मस्जिदों के सामने दो गुनी आवाज में हनुमान चालीसा पढ़ी जाएगी। उन्होंने औरंगाबाद में रविवार को एक रैली में सवाल किया कि यदि उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतारे जा सकते हैं, तो महाराष्ट्र में क्यों नहीं?
उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार तीसरे दिन पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की। जबकि, मैदानों में भी बादलों ने डेरा डाल लिया। जिससे तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज की गई।
उधर चारधाम यात्रा के लिए पहला जत्था आज रवाना होगा। यात्रा का श्रीगणेश कल से होगा। अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा शुरू हो जाएगी। कोरोना महामारी के कारण दो साल बाद चारधाम यात्रा पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रही है।