CJP Protest: अभिजीत दिपके, रांका और सौरव हिरासत में! फ्लाइट के अंदर ही एक्शन, खूब हुआ ड्रामा! जगह-जगह प्रदर्शन, एक्शन मोड में पुलिस
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके समेत तीन नेताओं को शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए अन्य नेताओं में सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल हैं। वहीं, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के 20 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है, जबकि सुबह से 150 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है। CJP संस्थापक अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस अधिकारियों के विमान के अंदर पहुंचते ही वहां हलचल शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस और CJP नेताओं के बीच बातचीत भी हुई। बताया गया कि अभिजीत दिपके ने पुलिसकर्मियों से कहा, 'मैं यहां गिरफ्तार होने ही आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए।' इस पर पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि यह गिरफ्तारी नहीं है और उनसे सहयोग करने को कहा। इसके बाद तीनों नेताओं को विमान से उतारकर बस में ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने फिलहाल इस कार्रवाई को गिरफ्तारी के बजाय हिरासत बताया है। उधर, CJP ने अपने नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की है। पार्टी के मुताबिक, तीनों नेता शनिवार को विमान से दिल्ली पहुंचे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दिपके ने मीडिया से कहा था कि जब सभी को हिरासत में लिया जा रहा है तो वे भी देखेंगे कि उनके साथ क्या होता है। प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार इलाके से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि ध्रुव राठी अपने माता-पिता के पास आए हुए हैं। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के साथ जानकारी साझा की और संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
जंतर-मंतर के रास्तों पर सात स्तर की बैरिकेडिंग
दिल्ली में प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा तैयार किया है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और प्रदर्शन स्थल के आसपास सात स्तर की बैरिकेडिंग लगाए जाने की जानकारी है। नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे कनॉट प्लेस में बैरिकेडिंग पार कर जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान कुछ लोगों को कनॉट प्लेस के अंदरूनी इलाके से पकड़कर हिरासत में लेने वाली गाड़ियों में बैठाया गया।
दिल्ली की सीमाओं पर भी बढ़ाई गई चौकसी
दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर बदरपुर के पास मोहन एस्टेट में सड़क पर टायर रोकने वाली पट्टियां लगाई गई हैं। वहीं, दिल्ली-नोएडा सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। राजधानी में प्रवेश करने वाली बसों, टैक्सियों और निजी वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस का जोर प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और समर्थकों को प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचने से रोकने पर है।